- डेंगू के तीन नए केस मिलने से आंकड़ा 44 पहुंचा, राजाखेड़ी और विजय नगर में चिकनपॉक्स की पुष्टि
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिले में डेंगू के साथ चिकनपॉक्स के मामले भी सामने आ रहे हैं। राजाखेड़ी और विजय नगर में दो महिलाओं में चिकनपॉक्स की पुष्टि हुई है। इसके साथ जिले में चिकनपॉक्स के कुल मरीजों की संख्या सात हो गई है। वहीं, डेंगू के तीन नए मरीज मिलने से कुल संख्या 44 पहुंच गई है।
राजाखेड़ी की एक महिला को करीब 10 दिन से बुखार था। जांच में चिकनपॉक्स की पुष्टि हुई। वहीं, विजय नगर की दूसरी महिला को आठ दिन से बुखार की शिकायत थी। अस्पताल में जांच कराने पर वह भी संक्रमित मिली।
डेंगू के नए मरीजों में बापौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र का एक बच्चा, नारायण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र का एक युवक और ददलाना स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र का 23 वर्षीय युवक शामिल है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि बदलते मौसम में बुखार को हल्के में न लें और लक्षण दिखने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग और लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।