पानीपत। सीआईए वन पुलिस टीम ने थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में जेके स्कूल के पास गली से युवक को अगवा कर हमला करने के मामले में दो और आरोपियों को वीरवार देर शाम काबड़ी चौक के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसके पास से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व डंडा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने वीरवार देर शाम को विशाल निवासी अर्जुन नगर व गौतम निवासी सौंदापुर गांव को गिरफ्तार किया है। उनकी टीम इस मामले में विनोद निवासी बतरा कॉलोनी को गत दिनों गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा व मोटरसाइकिल बरामद कर आरोपी विनोद को जेल भेज चुकी है। आरोपी विनोद ने साथी आरोपी आर्य नगर के विक्रम, सौंदापुर के गौतम व अर्जुन नगर के विशाल के साथ मिलकर साजिश रचकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी।
बतरा कॉलोनी निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दो मई को सुबह उसका बेटा सोनू अपनी पत्नी को घर से स्कूल में छोड़ने के लिए गया था। वापस आते समय रास्ते में जेके स्कूल के पास घात लगाए बैठे बतरा कॉलोनी के विनोद ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोनू को घेर लिया और रिक्की की दुकान के पास ले जाकर चाकू, लाठी, डंडे व लोहे की रॉड से हमला किया। आरोपी तीन अलग अलग बाइक पर सवार होकर आए थे और चोट मारकर मौके से फरार हो गए। उसने पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कराया था।