गांव सनौली खुर्द के पास वीरवार देर रात करीब एक बजे ट्राले और कार की टक्कर में कार सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। ये चारों युवक हरिद्वार से वापस हिसार जा रहे थे। सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और वाहनों को कब्जे में ले लिया।
घटना के बाद से ही ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हिसार के गांव नलवा के कैलाश, गांव बालक के वीरभान, गांव रलावास कलां के कुलदीप और अनिल व गांव जुराणा के कर्मवीर कार से हरिद्वार गए थे। वीरवार को जब वे हरिद्वार से हिसार जा रहे थे तो गांव सनौली के पास वीरवार रात एक बजे कोरसेंट से भरे एक ट्राले ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी।
इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और कार में बैठे पांचों युवक घायल हो गए। इनमें से घायल गांव बालक के वीरभान को पानीपत से पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जबकि घायल गांव नलवा के कैलाश ने पानीपत सिविल अस्पताल में ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल कुलदीप गांव रलावास कलां, कर्मबीर गांव जुराणा, अनिल गांव रालवास कलां को हिसार अस्पताल में दाखिल कराया गया है ।
सनौली थाना पुलिस एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि ट्राले की टक्कर से कार सवार दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए है। ट्राले को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।