वीरवार को कोरोना से सेक्टर 11 के 77 वर्षीय बुजुर्ग और 62 वर्षीय वृद्घा की मौत हो गई। दोनों का स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज चल रहा था। विभाग ने इनके परिजनों को क्वारंटीन कर सैंपल लिए हैं। जिले में अब तक कोरोना से 21 मौत हो चुकी है। वहीं दूसरी और पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा भी कोरोना संक्रमित हो गए। उन्होंने पंचकूला में सैंपल दिए थे। वे बुधवार को विधायक दल की बैठक में शामिल हुए थे। इससे पहले वे दो कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे। विधायक ढांडा ने लोगों से अपील की है कि जो भी उनके संपर्क में रहा है वो अपने सैंपल दें। वीरवार को कोरोना के 37 नए केस आए हैं। अब जिले में कोरोना के रोगियों की संख्या 1445 हो गई है। 895 लोग कोरोना को हराकर घर लौट चुके हैं। अब जिले में कोरोना के 529 केस एक्टिव हैं।
यहां मिले नए रोगी
सीएमओ डॉ संतलाल वर्मा ने बताया कि वीरवार को 35 लोग ठीक हुए हैं। पॉजिटिव केसों में महावीर कॉलोनी, सब्जी मंडी, देहरा, कुटानी रोड, जलालपुर, एनएचबीसी, सेक्टर 18, करहंस, मतलौडा, ऋषि कॉलोनी, यमुना एन्कलेव, हरि नगर, आईसीआईसीआई बैंक, सेक्टर-25, टीडीआई सिटी, न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-11 और मन मोहन नगर से एक-एक केस मिले हैं। वहीं जसवीर कॉलोनी, विकास नगर, लक्ष्मी नगर, मॉडल टाउन, सुखदेव नगर और कप्तान नगर से दो-दो संक्रमित पाए गए। जबकि सेक्टर 24 से चार, सेक्टर 12 से तीन पॉजिटिव मिले हैं।