संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। मौसम बदलाव के साथ डेंगू के मामले बढ़ने लगे हैं। विकास नगर से तीन दिन में दो मामले सामने आ चुके हैं। ज्यादातर युवा ही डेंगू पाॅजीटिव मिल रहे हैं। मंगलवार को 35 वर्षीय पुरुष और वीरवार को 33 वर्षीय महिला डेंगू पॉजीटिव मिली जिसका इलाज रविंद्रा अस्पताल में चल रहा है। इस साल डेंगू के मरीजों की संख्या 61 पहुंची गई। मलेरिया के छह और चिकनगुनिया के दो मामले सामने आ चुके हैं।
बदलते मौसम में डेंगू का डंक बढ़ गया है। जिला में निजी व जिला नागरिक अस्पताल में दूसरे दिन डेंगू पॉजीटिव मिलने लगे हैं। पिछले तीन दिन में डेंगू के पांच मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से दो विकास नगर से आए हैं। विकास नगर में डेंगू तेजी से पांव पसार रहा है। मंगलवार को दीनानाथ कॉलोनी से 20 वर्षीय महिला, विकास नगर से 35 वर्षीय पुरुष, ब्राह्मणमाजरा से 31 वर्षीय पुरुष, भारत नगर से 34 वर्षीय पुरुष डेंगू पॉजीटिव मिले थे। जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी मिल चुकी है। वीरवार को विकास नगर से 33 वर्षीय महिला डेंगू पॉजीटिव मिली है। महिला बुखार होने पर रविंद्रा अस्पताल में दवा लेने के लिए आई थी जहां जांच में वह डेंगू पॉजीटिव मिली। अब उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस साल डेंगू के मरीज की संख्या 61 पहुंच गई है। मलेरिया के मरीजों की संख्या छह और चिकनगुनिया के दो मामले अब तक आए हैं। स्वास्थ्य निरीक्षक जसमेर सिंह ने बताया कि बदलते मौसम में लोगों को स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए। अपने आस-पास पानी इकट्ठा नहीं होने देना चाहिए। सप्ताह में एक दिन सूखा दिवस अवश्य मनाना चाहिए। घर की टंकी, फ्रिज की ट्रे का अवश्य साफ करना चाहिए। अक्तूबर व नवंबर माह की शुरुआत में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती है इसलिए लोगों को इस समय अपने व बच्चों के स्वास्थ्य का अतिरिक्त ध्यान रखना चाहिए। रात को सोते समय पूरी बाजू के कपड़े पहनने चाहिए, अपने आस-पास पानी खड़े नहीं होने देना चाहिए। बुखार, खांसी-जुकाम होते ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवानी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम विकास नगर में जाकर जांच करेंगी और लार्वा एक्टिविटी करने के साथ लोगों को भी जागरूक करेगी। विभाग द्वारा फाॅगिंग करवाई जाएगी।
डॉ. सुनील संदूजा, जिला मलेरिया अधिकारी।