अंबाला कैंट के हार्ट सेंटर के बाहर चस्पा सार्वजनिक सूचना को देखता हुआ तीमारदार: संवाद
अंबाला। कैंट के नागरिक अस्पताल में पीपीपी मोड पर चल रहे हार्ट सेंटर में बिना अनुमति उपचार के रेटों में वृद्धि को लेकर स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है। विभाग के पत्राचार के बाद भी कोई असर नहीं दिखा तो अस्पताल पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल की तरफ से सेंटर के बाहर मरीजों को बताने के लिए सार्वजनिक सूचना तक चस्पा कर दी है, इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि 1 अगस्त को हार्ट सेंटर ने सभी प्रकार की प्रक्रियाओं के रेट अपने स्तर पर बढ़ा दिए है जो सरकार को स्वीकृत नहीं है। अत: सर्व साधारण से अनुरोध है कि सभी प्रकार की प्रक्रियाओं के पुराने रेट से ही रुपये जमा करवाएं। हालांकि इस मामले को लेकर हार्ट सेंटर के सेंटर मैनेजर जय विजय की तरफ से बात करने से इन्कार कर दिया गया है।
उलझन में मरीज, फरमान के बावजूद लिए जा रहे बढ़े हुए रुपये
भले ही स्वास्थ्य विभाग की नोटिस जारी करने के बाद सार्वजनिक सूचना तक दीवारों पर चस्पा कर दी गई है लेकिन इसको लेकर रविवार भी मरीज उलझन में नजर आए। बाहर तो सूचना में पुराने रेट के तहत ही उपचार का जिक्र है। भीतर जाने पर उन्हें नए दामों में ही उपचार मिल रहा है। मरीजों का कहना था कि अगर फरमान जारी हुआ है तो अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों को ही आकर इसकी सख्ती से पालना करवानी चाहिए ताकि मरीजों का उपचार न प्रभावित हो।
बैलून एंजियोप्लास्टी के लगते हैं अब 24 हजार
अगस्त से कैंट के हार्ट सेंटर में मरीजों का उपचार महंगा हो गया है, जो बैलून एंजियोप्लास्टी 22 हजार 487 रुपये में होती थी वो अब 24 हजार में हो रही है। इसी तरह से इकोकार्डियोग्राफी 982 रुपये व टीएमटी 665 रुपये व कंसलटेशन फीस भी 245 रुपये हो गई है। कोंबो डिवाइज इंप्लांटेशन 15547 रुपये का होगा, इसके अलावा तीन उपचार इंंट्रा वस्कुलर लीथेट्रिप्सी, शॉर्ट वेव लीथेट्रिप्सी, टीएवआर इम्प्लांट आदि की नई सुविधा शुरू की गई है। इस सेंटर में अंबाला व आसपास के शहरों से भी मरीज उपचार के लिए आते हैं।
हार्ट सेंटर के बढ़े हुए दामों को लेकर सार्वजनिक सूचना लगाई गई है। किसी से बढ़े हुए रुपये लिए जा रहे हैं तो इस संबंध में किसी मरीज की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। हालांकि यह मामला मुख्यालय में भेजा गया है।
- डॉ. पूजा पेंटल, पीएमओ अंबाला कैंट नागरिक अस्पताल