पानीपत। नवरात्र में वैष्णो माता का दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन का सफर कठिन हो गया है। माता वैष्णो देवी के लिए कटरा जाने वाली सभी ट्रेनें फुल हैं। ट्रेनों में वेटिंग में भी सीट नहीं हैं। यात्री तत्काल या फिर सामान्य श्रेणी के डिब्बे में सफर करने को मजबूर हैं।
चैत्र मास के नवरात्र 30 मार्च को शुरू हुए हैं। वीरवार को छठा नवरात्र रहा। लोग इन दिनों माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जा रहे हैं। ऐसे में ट्रेनों की मांग बढ़ गई है। ट्रेनों में कोई आरक्षण नहीं है और आने वाले एक महीने भी वेटिंग चल रही है। ऐसे में वैष्णो देवी माता के दर्शन के लिए लोगों को सामान्य श्रेणी के डिब्बों में सफर करना पड़ रहा है। सुबह और शाम को कटरा जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। सबसे ज्यादा भीड़ सामान्य श्रेणी के डिब्बों में है। ऐसे में यात्रियों को भी परेशानी का सामना कर पड़ रहा हैं। एक सीट पर चार से पांच यात्री सफर कर रहे हैं। बावजूद इसके ट्रेन में खड़े होने तक की जगह नहीं है। रेलवे स्टेशन की आरक्षण खिड़की पर सुबह ही लोगों की लाइन लग जाती है। टिकट न मिलने पर वे सामान्य श्रेणी के टिकट पर यात्रा करने को मजबूर होते हैं। विकास नगर निवासी शर्मिला ने बताया कि उनको पूरा परिवार माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जा रहा है।
कटरा जाने के लिए दो सप्ताह पहले टिकट आरक्षित कराई थी। वेटिंग में थी। वीरवार तक सीट कंफर्म नहीं हो पाई है। ऐसे में सामान्य श्रेणी के डिब्बे से सफर कर जाएंगे। सुनीता ने बताया कि नवरात्र के दिनों में माता वैष्णो देवी के लिए ट्रेन में सफर करना आसान नहीं है। रेलवे स्टेशन पर भी बहुत भीड़ है और आगे माता के दरबार में भी भक्तों की भीड़ मिलेगी।