जीटी रोड सर्विस लेन में चल रहा निर्माण कार्य। संवाद
- फोटो : samvad
पानीपत। जीटी रोड की सर्विस लेन का निर्माण कार्य धीमा चल रहा है। बिजली निगम और वन विभाग के अपना काम नहीं कर पाने से कई जगह काम को अधूरा छोड़ना पड़ा है। इस जीटी रोड पर जाम लग रहा है और लोगों को पैदल जाने के लिए भी रास्ता नहीं मिल पा रहा है। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल से विद्यार्थियों का बाहर निकल पाना भी मुश्किल हो गया है। बाइक सवार अपने गंतव्य को जाने के लिए गलत दिशा में चल रहे हैं। इससे रोजाना हादसे हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी राहुल, सुरेंद्र सिंह और वैभव ने बताया कि पिछले काफी समय से जीटी रोड की सर्विस लेन में निर्माण कार्य चल रहा है। इससे आमजन को आवाजाही में परेशानी हो रही है, साथ ही लोगों का वहां से पैदल गुजरना भी दूभर हो गया है, साथ लगते अस्पताल में मरीजों को भी इन्हीं गहरे गड्ढों से होकर जाना पड़ता है। कई बार निगम अधिकारियों को परेशानी से अवगत कराने के बाद भी कोई समाधान नहीं किया गया है। इससे समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। लोगों ने अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए है। अधिकारियों की अनदेखी के चलते पुराना बस स्टैंड के नजदीक सर्विस लेन का काम बंद कर दिया गया है। अब रेलवे रोड के सामने सर्विस लेन बनाना शुरू किया है। वहीं राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के बाहर भी निर्माण कार्य बीच में छोड़ दिया है। इससे विद्यार्थियों और स्टाफ को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है।
जीटी रोड पर सर्विस लेन में सड़क चौड़ीकरण के लिए निर्माण कार्य हो रहा है। संबंधित अधिकारी को कार्य को जल्द ही पूरा कराने के निर्देश दिए गए है। आमजन को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
- कोमल सैनी, मेयर