दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर शनिवार सुबह पुरानी दिल्ली से पानीपत जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जब होलंबी कलां रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो उसके पैंट्रों में उलझकर ओएचई तार टूट गई। इससे अप व डाउन ट्रैक पर दौड़ने वाली सभी पैसेंजर व एक्सप्रेस ट्रेनों को यथास्थान पर ही रोक दिया गया। जिससे सफर कर रहे यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। इस दौरान दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर आठ पैसेंजर और 13 एक्सप्रेस ट्रेनें प्रभावित रहीं।
शनिवार सुबह ही पानीपत स्टेशन पर भी दिल्ली के ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री सुबह से लेकर शाम तक ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दिए, वहीं पूछताछ केंद्र पर भी लोगों की भीड़ दिखाई दी। पानीपत स्टेशन से चलने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया। कई ट्रेनें घंटों की देरी से आई। स्टेशन अधिकारियों ने बताया कि पावर फेल और होलंबी कलां में ओएचई टूटने से कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, वहीं कई ट्रेनें लेट हो गई हैं। इन्हें दुुरुस्त कर सुचारु रूप से किया जा रहा है।
होलंबी स्टेशन के पास ओएचई तार टूटने की सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे बाद तार जोड़ने का काम शुरू किया गया। इस घटना से करीब छह घंटे तक रेलवे यातायात प्रभावित रहा। अधिकारियों ने टूटे ओएचई तार को जोड़ने के बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। वहीं रेलवे ने दोपहर बाद दिल्ली से अंबाला रूट पर चलने वाली पांच पैसेंजर गाड़ियों सहित आठ पैसेंजर ट्रेन रद्द कर दी। अप और डाउन ट्रैक को शाम 7:27 बजे तक सुचारु किया जा सका। दिल्ली से अंबाला की तरफ जा रही बठिंडा एक्सप्रेस को आदर्श नगर, इंटरसिटी एक्सप्रेस को बादली व जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन को होलमंबी स्टेशन से पहले ही रोक दिया गया। अमृतसर-दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन को भी रोक दिया गया। अन्य एक्सप्रेस ट्रेनें भी इससे पीछे के स्टेशनों पर रोकनी पड़ी।
पानीपत से चलने वाले 4 पैंसेजंर ट्रेन रद्द : पानीपत से बनकर चलने वाले चार ट्रेनों को रद्द किया गया। इसमे सुबह 7 बजे दिल्ली की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का पावर फेल होने से वह रद्द की गई, इसके बाद होलम्बी कलां में ओएचई टूटने से यातायात प्रभावित रहा। इससे पानीपत की 54303 कालका पैसेंजर, 64451 पैसेंजर, 64453 पैसेंजर, 64471 दिल्ली से पानीपत को रद्द किया गया। इस पर यात्रियों ने बसों और अन्य साधनों का सहारा लिया। वहीं देर रात तक भी स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ जमा रही।