-असंध रोड पर दो साल पहले लगाई थी फैंसी लाइट
-आधी लाइट जल पाती हैं, जबकि आधी बंद रहती हैं
-मुख्य सड़क पर लाइट न हाेने से रात के समय हादसों का लगता है डर
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। असंध रोड पर फैंसी लाइट केवल सजावट के लिए बनकर रह गई हैं। शाम होते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है। मुख्य सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों के साथ पैदल लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर निगम अधिकारियों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
असंध रोड को दो लेन का बनाने के बाद नगर निगम दो साल पहले डिवाइडर पर फैंसी लाइट लगवाई थी। करीब 45.65 लाख रुपये की फैंसी लाइट दिखने में बड़ी आकर्षक नजर लग रही हैं। लोगों को भी इनसे अच्छी रोशनी की उम्मीद थी। इनके साथ पोल पर तिरंगा लाइट लगाई। समय के साथ फैंसी लाइटों की चमक कम होती चली गई और अब आधी लाइट बंद रहती हैं। लालबत्ती चौक से नहर की तरफ जाते समय छाबड़ा अस्पताल के नजदीक से फैंसी लाइट शुरू होती हैं। अनेजा पेट्रोल पंप तक सभी लाइट जलती हैं। इससे आगे कच्चा कैंप से लेकर नहर नाका तक लाइट बंद रहती हैं। इतने बड़े प्रोजेक्ट में आधी लाइट बंद होने से लोगों को परेशानी होती है।
शहरवासी बोले हादसों का रहता है डर
ज्योति कॉलोनी मुकेश और राजेश कुमार ने बताया कि असंध रोड दो लेन की सड़क अच्छी सोच के साथ बनाई गई थी। इससे शहर को नया रूप मिला है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते अच्छे प्रोजेक्ट में कमी आती चली गई। सड़क पर सीवर के ढक्कन धंस गए और कई जगह गड्ढे बन गए हैं। अब फैंसी लाइट बंद हैं। शाम होते ही मुख्य सड़क पर अंधेरा छा जाता है। यह सड़क आगे पानीपत-हिसार स्टेट हाईवे से जुूड़ती है। इस सड़क पर पूरी रात वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में रात के समय हादसे होने का खतरा बढ़ गया है।
वर्जन :
असंध रोड पर फैंसी लाइटों के बंद होने की जानकारी मिली है। आधी लाइट बंद नहीं होनी चाहिए। संबंधित ठेकेदार से बात की जाएगी। इन्हें जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा।
राहुल पुनिया, एक्सईएन, नगर निगम।