पानीपत। बीएसएनएल की भूमिगत केबल चोरी के मामले में पुलिस ने दिल्ली के शीलमपुर से तीन कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजीव वर्मा, सगीर व रियासत अली ने चोरी की केबल खरीदी थी। इससे पहले पुलिस केबल चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
सीआईए-2 प्रभारी फूल कुमार ने बताया कि 11 जुलाई की रात को चांदनीबाग थाना क्षेत्र में बीएसएनएल की भूमिगत केबल चोरी हो गई थी जिसका मुकदमा थाना चांदनीबाग में किया गया था। इस प्रकरण की जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को दो आरोपियों सोनीपत जिले के सबौली गांव के संजीव उर्फ संजू व दिल्ली पहाड़गंज आर्य नगर के आफताब को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि उन्होंने केबल दिल्ली के शीलमपुर में कबाड़ी राजीव वर्मा, सगीर व रियासत अली को 2.15 लाख रुपये में बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने शीलमपुर दिल्ली में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सभी आरोपियों के कब्जे से 1.75 लाख रुपये घटना में प्रयुक्त दो पिकअप गाड़ी बरामद कर ली। सोमवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। ब्यूरो