सिलिंडर फटने से मकान हुआ क्षतिग्रस्त
- फोटो : अमर उजाला
तलौडा थाना क्षेत्र के अलूपुर गांव में सुबह साढ़े छह बजे खाना बनाते समय सिलिंडर आग लगने से धमाके के साथ फट गया। सिलिंडर के अवशेष मकान की छत को उड़ाते हुए 50 मीटर दूर जाकर गिरे। आग की चपेट में आने से घर के मुखिया रवि, उनकी पत्नी मंजीत और 11 साल का बेटा रोहित आग में झुलस गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर रवि की हालत गंभीर होने के कारण भर्ती कर लिया गया। मंजीत और रोहित को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
अलूपुर गांव के रवि ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। उनके तीन बच्चे 11 वर्षीय रोहित, नौ साल का अरमान, और सात साल की बेटी परी है। उनका एक कमरे का मकान है। बुधवार को बारिश के कारण वह उसी कमरे के दरवाजे पर अंदर की ओर गैस के चूल्हे पर खाना बना रहे थे। बच्चे कमरे में ही सो रहे थे। करीब साढ़े छह बजे सिलिंडर के रेगुलेटर के पास पाइप लीकेज होना शुरू हो गई और उसमें से गैस निकलने लगी। उन्होंने उसे बंद करने का प्रयास किया तो आग और तेज हो गई। जिसके बाद खतरे को देखते हुए रवि ने अपनी पत्नी और बच्चों को कमरे के बाहर निकाल दिया।
जब सबसे बड़े बेटे को उठाने के बाद बाहर करने लगा तो धमाके के साथ सिलिंडर फट गया जिससे पूरे कमरे में आग फैल गई। आग की चपेट में आने से रवि, रोहित और रवि की पत्नी मंजीत झुलस गए। आग की लपटों से मकान में रखा सभी सामान, फ्रीज, कूलर, बेड व अन्य सामान खाक हो गया। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
मतलौडा थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि अलूपुर गांव में सिलिंडर फटने से मकान में आग लग गई थी। आग में झुलसने से एक व्यक्ति को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत में सुधार है। आग लगने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है।