पानीपत। थाना इसराना क्षेत्र में नौल्था-बलाना रोड पर रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सौरभ (22), अभय सिंह (22) निवासी कानपुर देहात व मुकेश पटेल (32) निवासी झांसी की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों दोस्त दुकान से सामान खरीदकर फैक्टरी जा रहे थे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी। जिस वाहन से टक्कर हुई है उसकी तलाश की जा रही है, इसके लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली।
यूपी के कानपुर देहात जिले के सलेमपुर मेहरा गांव निवासी निर्मल ने बताया कि वह अपने बड़े भाई सौरभ के साथ दो माह पहले पानीपत आए थे। बलाना गांव में किराये के मकान में रहकर रघुबीर टेक्सटाइल फैक्टरी में काम कर रहे थे।
सौरभ फैक्टरी के सुपरवाइजर थे, उनके साथ ही अभय सिंह और मुकेश भी काम कर रहे थे। रविवार शाम को वह अभय की मोटरसाइकिल से दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए गए। सामान लेकर फैक्टरी लौट रहे थे, जैसे ही वे नौल्था से बलाना गांव जाने वाली सड़क पर बीच में पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक का हाथ शरीर से अलग हो गया। वहीं, मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद मृतकों के परिजन और अन्य दोस्त भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है, जिस अज्ञात वाहन से हादसा हुआ उसकी तलाश की जा रही है।