पानीपत। मॉडल टाउन स्थित दुकान से भगवान कृष्ण की मूर्ति व उनके कपड़े खरिदते हुई युवतियां।
- फोटो : Panipat
जन्माष्टमी को तीन दिन बाकी हैं और दुकानदार कान्हा जी के वस्त्र और लड्डू गोपाल बिकने का इंतजार कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि कोरोना महामारी के बाद उनको आशा थी कि इस बार जन्माष्टमी में अच्छा व्यापार होगा, लेकिन अब भी लोग खरीदारी नहीं कर रहे हैं। पानीपत के इंसार बाजार, मॉडल टाउन बाजार और कृष्णपुरा बाजार के व्यापारी खाली बैठे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि पिछले दो से तीन महीनों से लगातार तेल के दाम बढ़ रहे हैं, जिसका सीधा असर जन्माष्टमी के सामान पर पड़ा है। तेल के दाम बढ़ने के कारण ही जन्माष्टमी के सामानों में 40 प्रतिशत तक दाम की बढ़ोतरी हुई है। जिससे अब ग्राहक सामान नहीं खरीद रहे हैं। दुकानदारों को सामान न बिकने के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों को उम्मीद है कि शनिवार और रविवार को उनकी दुकान का सामान बिक जाए।
दाम पूछ कर ही चले जाते हैं ग्राहक
दाम पूछ कर ही ग्राहक वापस चले जाते हैं। जबकि दिल्ली व वृंदावन से ही माल काफी ज्यादा महंगा आ रहा है। माल के बराबर तो वहां से सामान लाने का ईंधन लग रहा है। यदि दो दिन और बाजार इसी तरह रहा तो हम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।
-दिशांत, दुकानदार
इस बार पिछली बार से ज्यादा मंदा है
इस बार तो बाजार पिछली बार से भी ज्यादा मंदा है। पिछली बार तो हमें लग रहा था कि लोग कोरोना के डर से खरीदारी नहीं करेंगे। उसके बाद भी लोगों ने खुल कर खरीदारी की थी। पिछले साल तो हमारा माल भी कम पड़ गया था। इस बार हमने ज्यादा माल मंगवा लिया था।
-सोनू, दुकानदार