शाहाबाद। मोहल्ला सैदां स्थित दो घरों से से चोर हजारों के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
राजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मस्तगढ़ साहिब के सामने बर्फ बेचता है। सोमवार सुबह वह दुकान पर था। कुछ देर बाद उसकी मां उसके लिए घर से नाश्ता लेकर आई तो चोर उसके घर से 50 हजार रुपये चुराकर फरार हो गए।
दूसरे मामले में राजेंद्र कुमार के सामने वाले घर में रहने वाली महिला हैप्पी ने बताया कि वह रोजाना सुबह अपने घर को बाहर से ताला लगाकर काम पर चली जाती है और दोपहर को घर वापस आती है। सोमवार को भी वह सुबह चली गई, लेकिन उसको मोहल्ला वासियों ने सूचना दी कि उसके घर के बाहर लगा ताला टूटा हुआ है। वह मौके पर पहुंची तो ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर घर की जांच की तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर उसके घर से 20 हजार रुपये और सोने के जेवर चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।