पानीपत। शिक्षा विभाग द्वारा मिशन बुनियाद लेवल-3 परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया हैं। इसमें पानीपत जिले से 275 में से 253 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। इनमें से 205 विद्यार्थियों का चयन जिले के पांच बुनियाद केंद्रों में दाखिले के लिए हुआ है जबकि 48 विद्यार्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। वहीं, विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को बुनियाद कार्यक्रम सत्र 2024-26 के लिए कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों हेतु कक्षाएं आरंभ करने के निर्देश दिए हैं। मिशन बुनियाद बैच 2024-26 के लिए इससे पहले पानीपत जिले से 1065 विद्यार्थियों ने लेवल-2 की परीक्षा मैं भाग लिया था जिनमे से 275 विद्यार्थियों का चयन हुआ था। इसमें कुल 125 छात्रा और 150 छात्रों को चुना गया।
निदेशालय की ओर से जारी निर्देशानुसार बुनियाद कार्यक्रम के तहत सत्र 2024-26 के लिए चयनित कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों का दाखिला उन्हें अलॉट किए गए बुनियाद केंद्र में करवाया जाना है। बुनियाद कार्यक्रम सत्र 2024-26 के लिए कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों हेतु कक्षाएं 27 मई से आरंभ की जानी हैं। कक्षाएं आरंभ से पूर्व बुनियाद केंद्रों में आवश्यक प्रबंध करवाना सुनिश्चित करें।
ये जारी किए निर्देश-
- पूर्व में संचालित 103 केंद्रों में से कक्षा 10वीं के लिए केवल 51 केंद्रों में ही कक्षा-कक्ष उपलब्ध थे। इसलिए शेष 52 केंद्रों में कक्षा 10वीं के लिए एक अतिरिक्त कक्षा-कक्ष एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाएं।
- यदि किसी बुनियाद केंद्र में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष की कमी है तो अस्थाई प्रबंध कर अपनी बजट डिमांड निदेशालय में भिजवाएं।
- अतिरिक्त कक्षा-कक्ष में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल बोर्ड भी उपलब्ध करवाया जाए। आदर्श आचार संहिता की समाप्ति उपरांत सभी बुनियाद केंद्रों में डिजिटल बोर्ड उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
- ब्रॉडबेंड के लिए सभी 103 बुनियाद केंद्रों को पूरे वर्ष के लिए प्रति केंद्र 25 हजार रुपये की राशि शीघ्र ही उपलब्ध करवा दी जाएगी।
- विद्यार्थी को उसके पुराने विद्यालय से एसएलसी देने तथा नए विद्यालय में दाखिला देने हेतु संबंधित विद्यालय के मुखिया को निर्देशित करें।
- दाखिला लेने के बाद किसी कारणवश बुनियाद कार्यक्रम छोड़ने वाले विद्यार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति के बिना एसएलसी जारी न किया जाए।
- यह विद्यालय मुखिया की जिम्मेवारी रहेगी कि प्रत्येक पीरियड में कोऑर्डिनेटर उपस्थित रहे ताकि किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न हो।
- बुनियाद कार्यक्रम के तहत शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों की फीस माफ करने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। इसलिए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का शैक्षिक व्यय नहीं लिया जाना है।
बुनियाद लेवल-3 की परीक्षा में उत्तीर्ण व चयनित विद्यार्थी
खंड उत्तीर्ण चयनित प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थी
बापौली 43 39 04
इसराना 13 05 08
मडलौडा 47 42 05
पानीपत 109 89 20
समालखा 41 30 11
कुल 253 205 48
-
जिले में बनाए गए पांच बुनियाद केंद्र
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बापौली।
- राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समालखा।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जीटी रोड पानीपत।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मडलौडा।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इसराना।
दाखिले के लिए इन दस्तावेज की होगी जरूरत-
एचबीएसई केंद्र- एसएलसी, परिवार पहचान पत्र, विद्यार्थी आधार कार्ड, अभिभावक आधार कार्ड, कक्षा आठवीं अंकतालिका, बुनियाद लेवल-3 का परिणाम-पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो।
सीबीएसई केंद्र- एसएलसी, परिवार पहचान पत्र, विद्यार्थी आधार कार्ड, अभिभावक आधार कार्ड, कक्षा आठवीं अंकतालिका, बुनियाद लेवल-3 का परिणाम-पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, जन्म व जाति प्रमाण-पत्र।
-
मिशन बुनियाद कार्यक्रम पर एक नजर-
बुनियाद लेवल-1 के लिए पंजीकृत विद्यार्थी - 3540
बुनियाद लेवल-1 परीक्षा में बैठे - 3170
बुनियाद लेवल-1 में चयनित विद्यार्थी - 1133
बुनियाद लेवल-2 परीक्षा में बैठे - 1065
बुनियाद लेवल-2 में चयनित विद्यार्थी - 275
बुनियाद लेवल-3 परीक्षा में बैठे - 275
बुनियाद लेवल-3 में चयनित विद्यार्थी - 205
बुनियाद लेवल-5 में प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थी - 48
वर्जन-
मिशन बुनियाद लेवल-3 का परीक्षा परिणाम जारी किया गया है। जिले से 275 विद्यार्थियों ने इस प्रवेश परीक्षा मैं भाग लिया जिनमे से 205 विद्यार्थियों का चयन हुआ है जबकि 48 विद्यार्थी प्रतीक्षा सूची में शामिल किए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों का दाखिला जिले के पांच बुनियाद केंद्रों में सुनिश्चित किया जाएगा।
- संदीप कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।