पानीपत। जिन लोगों को कोविड टीकाकरण की दोनों डोज लग गई है, उन्हें एक ई-पास जारी किया जाएगा। यह पास केंद्र सरकार की ओर से जारी होगा, जिसे वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। इसके जरिए उन्हें सार्वजनिक स्थलों पर जाने की अनुमति होगी।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि कोरोनारोधी टीके की दोनों डोज लेने वालों को भारत सरकार की ओर से वैश्विक स्तर पर पास कम प्रमाणपत्र देने का प्रावधान किया गया है। यह ई-पास सार्वजनिक स्थानों, परिवहन साधनों, कार्यालयों, मॉल्स, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन इत्यादि स्थानों में प्रवेश के लिए मान्य लोगा। इस ई-पास को epassmsdma.mahait.org से डाउनलोड किया जा सकता है।
इस तरह प्राप्त करें यूनिवर्सल ई-पास
वेबसाइट epassmsdma.mahait.org को ओपन करने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भरकर ओटीपी प्राप्त करें। इस ओटीपी को बताए गए स्थान पर भरकर वैरिफाई करने पर ई-पास को डाउनलोड कर सकेंगे।
वीरवार को 194,84 लोगों को लगा कोरोना रोधी टीका
सरकार की सख्ती के बाद अब कोरोना टीकाकरण में तेजी आई है। पिछले सात दिन में 34,720 लोगों ने कोरोना की पहली एवं 66,116 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। अब तक जिले में 9.53 लाख लोग टीकाकरण की पहली एवं 5.90 लाख लोग दूसरी डोज लगवा चुके हैं। विभाग 31 दिसंबर तक पहली डोज का 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर सकता है। वीरवार को कुल 19,484 लोगों ने कोरोना रोधी टीकाकरण कराया है। अब तक जिले में 9,53,340 लोगों को टीके की पहली व 5,90,255 को दूसरी डोज लग चुकी है।