पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा, शॉर्टकट तरीके से पैसा कमाने के लिए की थी धोखाधड़ी
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी प्रभजोत सिंह निवासी कुरुक्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए-2 की टीम ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। वीरवार को आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे गहनता से पूछताछ की जाएगी और ठगी की रकम बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि शहर की बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी यूधिष्ठर ने मई 2022 में एक मुकदमा दर्ज कराया था। उनका कहना था कि आर्य नगर निवासी रविंद्र दहिया से उनकी पहचान थी। रविंद्र ने उसे खेल कोटे से रेलवे में नौकरी दिलाने कहा था। इसके लिए 10 लाख रुपए का खर्च बताया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की थी। जांच में रविंद्र के साथ करनाल के जितेंद्र उर्फ बबलू और कुरुक्षेत्र के प्रभजोत का नाम आया था। रविंद्र और जितेंद्र को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी। लेकिन प्रभजोत फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मुंबई में है। जिसके बाद पुलिस टीम ने मुंबई में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए प्रभजोत के अंबाला स्थित ऑफिस में बैठकर ठगी की साजिश रची थी। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है।