जलघर में रखी चारपाई जलकर हुई राख। संवाद
सनौली। झांबा गांव स्थित जल घर के अंदर घुसकर चोरों ने ट्यूबवेल की केबल चोरी कर अंदर रखी चारपाई व अन्य सामान में आग लगा दी। इससे ट्यूबवेल के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ट्यूबवेल कर्मचारी नीरज ने इसकी सूचना सरपंच व सनौली थाना पुलिस को दी है। सूचना पर सरपंच प्रतिनिधि महेश त्यागी व सनौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
नीरज रविवार को सुबह पांच बजे ट्यूबवेल चलाने जल घर पर पहुंचे तो देखा कि ट्यूबवेल की छत से चोरों ने जल घर के अंदर कमरे में घुसकर केबल चोरी कर ले गए हैं, साथ ही अंदर रखी चारपाई व अन्य सामान को आग लगा दी है। वहीं ट्यूबवेल की केबल चोरी होने से पूरे गांव में पानी की सप्लाई भी नहीं हो सकी हैं। पूरे गांव में एक मात्र जल घर बंद होने से पीने के पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं।