समालखा। महावटी गांव में बंद मकान को निशाना बनाकर चोर चांदी के जेवर और सिक्के चोरी कर ले गए। घटना के समय पीड़िता अपनी बीमार सास के पास गई हुई थी। काफी समय तक अपने स्तर पर तलाश करने के बाद भी जब सामान का कोई सुराग नहीं लगा तो पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी।
महावटी गांव निवासी रानी ने पुलिस को दी शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह छह जुलाई की रात करीब 10:30 बजे अपने मकान के मुख्य गेट पर ताला लगाकर बीमार सास के पास गई थी और रात वहीं रही। वह अगले दिन सुबह घर लौटी तो कमरे की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी की जांच करने पर उसमें रखी चांदी की दो जोड़ी तगड़ी, एक चांदी की चेन तथा चांदी के दो सिक्के गायब मिले। काफी प्रयास के बाद भी जब चोरों का कुछ पता नहीं चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना समालखा के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।