माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। शहर के बाजार में सोमवार को अवकाश रखने का फैसला अभी लागू नहीं होगा। जबकि ऑटो और रिक्शा के लिए ऑड-ईवन सोमवार से लागू होगा। सोमवार को पहले दिन दो नंबर से पंजीकृत वाहन सड़कों पर चलेंगे।
ऑटो चालक एक सप्ताह के ट्रायल के तौर पर इसके लिए राजी हुए हैं। जबकि बाजार प्रधानों ने सोमवार की छुट्टी के फैसले को सही नहीं बताया। संयुक्त व्यापार मंडल ने पूरे शहर के सभी बाजारों में छुट्टी लागू होने की शर्त रखी। प्रशासन इसके लिए जल्द बैठक बुलाएगा।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने बाजार और यातायात व्यवस्था के नए नियमों को लागू करने के लिए शनिवार को जिला सचिवालय में दो बैठक की। नगर निगम के सहायक आयुक्त विवेक चौधरी और डीएसपी यातायात सुरेश सैनी ने सुबह 11 बजे ऑटो चालकों के साथ बैठक की।
अधिकारियों ने कहा कि कुछ ऑटो व ई-रिक्शा खाली चलती हैं। इससे सड़कों पर दबाव रहता है और प्रदूषण भी बढ़ता है। ऑटाे यूनियन के प्रधान नरेश कुमार ने कहा कि यह फैसला उनके हक में नहीं है। वे फिर भी प्रशासन और पुलिस की बात को ऊपर रखते हुए एक सप्ताह के लिए ऑड-ईवन के नियम पर चलने को तैयार हैं। डीएसपी सुरेश सैनी ने बताया कि इस पर अगले शनिवार को समीक्षा बैठक की जाएगी।