पानीपत। शहर को जाम से मुक्त करने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा संचालकों के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू कर दिया गया है। सोमवार से इसका पालन कराया जाएगा। शनिवार को जिला सचिवालय के सभागार में पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों और ऑटो ई-रिक्शा संचालक यूनियन की बैठक में फिलहाल एक सप्ताह ट्रायल करने पर सहमति बनी। ऑटो रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर सोमवार को ऑड और मंगलवार को ईवन नंबर के ऑटो का संचालन होगा।
उधर, बैठक में ऑटो संचालक यूनियन के पदाधिकारियों ने कुछ मुद्दों पर अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को सड़कों से हटाया जा रहा है। एक सप्ताह ऑड-ईवन का पालन किया जाएगा। यदि, ऑटो चालकों की रोजी पर किसी तरह का संकट आए तो वह इसका पालन नहीं करेंगे।
शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त विवेक चौधरी और डीएसपी यातायात सुरेश सैनी ने ऑटो व ई-रिक्शा संचालकों के साथ बैठक की। जिसमें कुछ दिशा निर्देश दिए गए, साथ ही उनसे सुझाव भी मांगे गए।
अधिकारियों ने कहा कि ऑड-ईवन का फॉर्मूला पूरे जिले में लागू किया जाएगा। ऑटो व ई-रिक्शा संचालकों ने बैठक में सुझाव दिया कि पहले अवैध ऑटो और ई-रिक्शा को शहर से बाहर किया जाए।
डीएसपी सुरेश सैनी ने कहा कि जिले में 4032 ई-रिक्शा और 3414 ऑटो रिक्शा पंजीकृत हैं।
सोमवार को दो अंकों के आधार पर ऑड नंबर और अगले दिन ईवन नंबर वाले ऑटो सड़कों पर चलेंगे। ब्यूरो