पानीपत। अलग-अलग थानाक्षेत्रों में चोरी की तीन घटनाओं से रहवासी सहम गए। पुलिस को चौकसी बढ़ाने की मांग की।
ज्योति कॉलोनी निवासी सुखविंद्र हाल में विकास नगर, तहसील कैंप में रहता है। 23 सितंबर को वह सिरसा गया था। सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे घर लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ था। घर से एक एलईडी, 18 हजार रुपये, उसकी पत्नी की पाजेब, सोने का ओम चोरी मिला। तहसील कैंप पुलिस ने केस दर्ज किया है।
बिशन स्वरूप कॉलोनी निवासी सुरेंद्र गोयल की औद्योगिक क्षेत्र में तुषार ट्रेडिंग कंपनी के नाम से फैक्ट्री है। सोमवार को वह फैक्ट्री पहुंचा तो फैक्ट्री के ताले टूटे थे। फैक्टरी में बने आफिस से एक एलसीडी, एक फ्रिज, एक फोन और जरूरी दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए। उसने पूछताछ की तो सुराग नहीं लगा। पुराना औद्योगिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी शिकायत में इंटरस्टेलर टेस्टिंग सेंटर प्राइवेट कंपनी के एचआर सुरेश ने बताया कि खुखराना गांव के पास रॉ वाटर पंप से कई उपकरण चोरी हो गए। सुरेश ने बताया कि उनकी कंपनी को पर्यावरण निगरानी गतिविधियों के संचालन के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (एमओईएफसीसी) की तरफ से अनुमोदित किया गया है। 22 सितंबर को कंपनी से पांच उपकरण चोरी हो गए। प्लांट परिसर के अंदर स्विच यार्ड से 15 मीटर तार भी चोरी हो गया। पुराना औद्योगिक थाने की पुलिस ने एचआर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है।