साईं बाबा चौक पर बंद पड़ी लाइट। संवाद
पानीपत। शहर में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति बुरी है। पॉश एरिया मॉडल टाउन व सेक्टरों के साथ मुख्य सड़कों पर भी स्ट्रीट लाइट नहीं जलती। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग हाउस की बैठक में तीन बार उठा चुके हैं। इसके बाद भी इनको चालू नहीं किया जा सका है। शहर में करीब एक हजार स्ट्रीट लाइटें और टावर लाइटें बंद पड़ी हैं।
जीटी रोड पर बरसत रोड से गोहाना मोड़ तक 20 स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं। वहीं सेक्टर-11-12 में साईं बाबा चौक पर हाई मास्ट लाइट बंद पड़ी हैं। सेक्टर में भी कई जगह लाइट बंद हैं। मॉडल टाउन में रिंग रोड पर 15 लाइट बंद पड़ी हैं। वहीं असंध रोड से जाटल रोड तक रजवाहे वाली सड़क पर निगम आयुक्त के आदेश के बाद भी स्ट्रीट लाइट नहीं लग पाई हैं और पहले से लगाई लाइट भी बंद पड़ी हैं। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद बोले स्ट्रीट लाइट बनी समस्या
पार्षद तरुण गांधी ने बताया कि रजवाहे रोड पर सभी स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं हैं। ऐसे में दिन ढलते ही अंधेरा छा जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी सड़क पर मॉडल टाउन, अग्रसेन कॉलोनी, शांति नगर व विराट नगर लगता है। पार्षद संजीव दहिया ने बताया कि पिछले दिनों कॉलोनियों में नई स्ट्रीट लाइट लगवाई हैं। पुरानी स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं की जा पा रही हैं। यह बड़ी समस्या बनी हुई है।
स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के लिए मैकेनिक लगाए गए हैं। वे नियमित रूप से इनकी मरम्मत कर रहे हैं। निगम में आने वाली शिकायतों पर कार्रवाई की जाती है। शहर में नई लाइट भी लगाई गई हैं।
गोपाल कलावत, एक्सईएन, नगर निगम।