सनौली। बापौली ब्लॉक के गांव गोयला कलां में 15 लाख रुपये की लागत से चार दिन पहले बनी गली पहली बारिश में उखड़ गई। जिससे लोगों में रोष है। लोगों ने ठेकेदार पर घटिया सामग्री से गली निर्माण के आरोप लगा रोष जताया। संबंधित विभाग ने ठेकेदार को तीन बार गली निर्माण में गुणवत्ता न होने पर नोटिस दिए गए हैं लेकिन ठेकेदार का नोटिसों की तरफ कोई ध्यान नहीं है।
गोयला कलां के ग्रामीणों ने आरोप लगाए कि ठेकेदार ने गली निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया है जिससे यह चार दिन बाद ही पहली बारिश में ही उखड़ने लगी है। नाली व गली की ईंटें साथ लगते धान के खेत में गिर गई हैं। सरपंच अनिल गोस्वामी ने बताया कि ठेकेदार द्वारा आनलाइन टेंडर लेने के बाद करीब 15 लाख रुपये की लागत से गली निर्माण कार्य किया जा रहा हैं। गली निर्माण करने पर दो बार गली उखड़ चुकी हैं। ठेकेदार को कई बार गली निर्माण करवाने के लिए कहा गया है लेकिन ठेकेदार कोई सुनवाई नहीं कर रहा हैं।
बीडीपीओ कार्यालय के जेई नीरज ने सुधार करने को कहा लेकिन ठेकेदार कोई सुधार नहीं कर रहा हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने सड़क निर्माण में घटिया ईंटों और अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर रहा है जिससे गली उखड़ गई। ठेकेदार गली निर्माण में मनमर्जी कर रहा हैं। जब तक गली निर्माण ठीक नहीं करेगा तब तक गली की पेमेंट नहीं की जाएगी। सरपंच अनिल गोस्वामी और लोगों ने अधिकारियों से मामले की जांच करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।