पानीपत। ज्येष्ठ महीने में वीरवार रात आई तेज आंधी ने जिले में भारी तबाही मचाई। करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी के कारण 110 बिजली के खंभे और 10 ट्रांसफार्मर गिर गए, जबकि लगभग 250 पेड़ उखड़ गए। कई स्थानों पर मकानों, वाहनों और फैक्टरियों को भी नुकसान पहुंचा।
आंधी के चलते गोहाना रोड पर एक पेड़ कार पर गिर गया, जिससे अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शिवनगर क्षेत्र में एक फैक्टरी की दीवार गिर गई, जबकि सिवाह गांव में जीटी रोड स्थित मकान पर बिजली का पोल गिरने से नुकसान हुआ। वहीं पानीपत-जींद रोड पर भालसी गांव के पास 11 केवी की लाइन टूट गई।
आधी रात तक शहर में अापूर्ति रही बाबाधित
आंधी शुरू होते ही रात करीब 10 बजे पूरे जिले की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शहरी क्षेत्रों में बिजली देर रात बहाल कर दी गई, जबकि कई रिहायशी इलाकों में आपूर्ति तड़के ढाई बजे तक सामान्य हो सकी। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और खराब रही, जहां कई फीडर शुक्रवार शाम तक भी सुचारु नहीं हो पाए।
करीब 2200 शिकायतें दर्ज हुईं
बिजली निगम के सुविधा केंद्र पर शुक्रवार शाम तक करीब 2200 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकतर शिकायतें बिजली गुल होने से संबंधित थीं। विभागीय टीम ने शहरी क्षेत्रों में तड़के चार बजे तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया, जबकि ग्रामीण इलाकों में दोपहर बाद तक बिजली व्यवस्था सामान्य हो सकी।
सिवाह में मकान पर गिरा पोल, घर को नुकसान
सिवाह गांव निवासी सागर ने बताया कि उनके मकान के पास स्थित एक निजी अस्पताल का पोल आंधी में टूटकर उनके घर पर गिर गया। इससे फैंसी चहारदीवारी और मंदिर की छत को नुकसान पहुंचा। उन्होंने बताया कि एक जामुन का पेड़ भी टूट गया। मामले की शिकायत सेक्टर-29 थाना में दी गई है।
शिवनगर में फैक्टरी की दीवार गिरी
किशनपुरा के शिवनगर क्षेत्र में गुप्ता फाइबर फैक्टरी की दीवार और बिजली के खंभे आंधी में गिर गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात का समय होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। लोगों ने फैक्टरी मालिक से क्षतिग्रस्त दीवार की मरम्मत कराने की मांग की है।
गोहाना रोड पर पेड़ गिरा, कई कॉलोनियों में अंधेरा
गोहाना रोड पर एक पेड़ कार पर गिरने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं दत्ता कॉलोनी, ज्योति कॉलोनी, शोधनपुर, कुटानी रोड और काबड़ी रोड सहित कई क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। ग्रामीण इलाकों में सुबह तक बिजली नहीं आने से पेयजल आपूर्ति और दैनिक कार्य प्रभावित हुए।
आंधी में मकान पर गिरा पोल। स्रोत : स्वयं- फोटो : भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में मौजूद भाजपाई।
आंधी में मकान पर गिरा पोल। स्रोत : स्वयं- फोटो : भाजपा के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यशाला में मौजूद भाजपाई।