पानीपत। औद्योगिक सेक्टर-29 के थाना प्रभारी को मारपीट के एक मामले में कार्रवाई न करने पर लाइन हाजिर कर दिया है। यह उनके कार्यकाल की लाइन हाजिर की पहली कार्रवाई है। दो महीने पहले तत्कालीन एसपी ने थाना शहर के तत्कालीन प्रभारी अनिल हुड्डा को भी इसी तरह के मामले में कार्रवाई न करने पर लाइन हाजिर किया था।
मामला थाना कृष्णपुरा चौकी के अंतर्गत खन्ना रोड का है। एक व्यक्ति ने दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाने की शिकायत दी थी। वहीं दूसरे पक्ष ने भी उनकी शिकायत दी थी। यह मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंच गया था। अधिकारियों ने मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इसमें मुकदमा दर्ज करने की बजाय राजीनामा होने की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों के पास रख दी।
वहीं एक पक्ष पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के पास पहुंच गया। पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए औद्योगिक थाना सेक्टर-29 के प्रभारी सुभाष चंद्र को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह सब इंस्पेक्टर अनिल को कार्यभार दिया है। एसपी ने कार्यभार संभालने के बाद पहले सेना क्लर्क और सुरक्षा अधिकारी का तबादला किया था। किसी थाना प्रभारी को लाइन हाजिर करने की उनकी पहली कार्रवाई है।