पानीपत। जिमखाना क्लब के नजदीक मोटरसाइकिल चार बदमाश एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर मोबाइल और चार हजार रुपये लूट ले गए। इससे कुछ दूरी पर पैदल आ रहे उनके भाई ने उसको छुड़वाया। उसको घायलावस्था में जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया है।
जम्मू के उधमपुर जिला के गाढि़या खुर्द गांव के रविकांत ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि पंडित कॉलोनी इंडो फार्म में रहता है। वह और उसके बड़े भाई बंसीलाल ईशु ट्रांसपोर्ट सेक्टर-25 पार्ट-2 पानीपत में लोडिंग का काम करते हैं। उसका भाई बंसीलाल वीरवार रात करीब साढ़े 10 बजे काम कर अपने किराये के कमरे पर जा रहा था।
वह जिमखाना क्लब के नजदीक पहुंचा तो सामने से मोटरसाइकिल पर सवार चार लड़के आए। उक्त लोगों ने उसके भाई बंसीलाल का रास्ता रोक लिया और उसके साथ छीनाझपटी करने लगे। वह अपने भाई से करीब 200 मीटर पीछे था। बंसीलाल ने उनका विरोध किया तो उन्होंने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसको छाती व पीठ पर चाकू से वार किए। उसने बचाने के लिए आवाज लगाई तो चारों लड़के उसके भाई का मोबाइल और चार हजार रुपये लूटकर भाग गए। वह अपने भाई की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा। उसने एंबुलेंस का प्रबंध किया और उनको जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उसे पीजीआई रोहतक भेज दिया।