भैंसवाल रोड पर जमा हुआ नाले का दूषित पानी। संवाद
पानीपत। नगर निगम की ओर से सड़क का दो बार निर्माण करने के बाद भी पानी की निकासी का समाधान नहीं किया। बरसत रोड के साथ लगते भैंसवाल रोड पर नाले की निकासी न होने के कारण दूषित पानी सड़कों पर भरा रहता है, इससे आमजन को आवाजाही में परेशानी हो रही है। यहां तक कि लोगों का सड़क से पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
नाला ओवरफ्लो होने के कारण दिनभर दूषित पानी सड़कों पर भरा खड़ा रहता है। ग्रामीण क्षेत्र से शहर में जाने वाले लोगों को इसी सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के घरों में लोग बीमारियों से ग्रस्त हो रहे हैं। कई बार प्रशासन को अवगत कराने के बाद भी कोई राहत कार्य नहीं किया गया है।
स्थानीय निवासी संतोष, रविंद्र और सतपाल ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से इस पानी की निकासी की समस्या का सामना कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा करीब दो महीने पहले सड़क का निर्माण किया गया था, ऐसा लगता है कि पानी की निकासी के लिए कर्मचारी नालों का निर्माण करना भूल गए है या तो जानबूझ कर नालों का निर्माण नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि दूषित पानी के जमा होने से लोगों के घरों में परिवार के सदस्या बीमार हो रहे है। उन्होंने समस्या के निस्तारण के लिए जल्द कोई ठोस कदम उठाने की बात कही है।