समालखा। मनाना गांव की 255 एकड़ पंचायती जमीन की बोली मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में कराई। ग्रामीणों ने पंचायती जमीन लेने के लिए बोली बढ़-चढ़कर लगाई। पिछले वर्ष से 10 प्रतिशत अधिक रेट पर जमीन की बोली कराई।
गांव की जोगियो वाली चौपाल में मंगलवार को पंचायती जमीन की बोली एडीसी एडीसी अंकित कुमार चौकसे, बीडीपीओ शक्ति सिंह, एसईपीओ समेत अधिकारियों की मौजूदगी में शुरू की। बोली में 38 लोगों ने हिस्सा लिया। इसके लिए 18 लाख रुपये सुरक्षा राशि के रूप में जमा कराए गए। सबको शेष राशि भुगतान के लिए तीन दिन का समय दिया गया। प्रशासन ने मौके पर वीडियोग्राफी कबाई और पुलिस बल भी तैनात रहा। ग्राम सचिव मनदीप सिंह ने बताया कि 225 एकड़ काश्त योग्य पंचायती जमीन हर साल पट्टे पर दी जाती है। समय पर भुगतान न करने वालों की सुरक्षा राशि जब्त हो जाएगी और अगले बोलीदाता को मौका मिलेगा। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि प्रवीण गौतम, आजाद सिंह, संदीप सिंह व संदीप गोस्वामी मौजूद रहे।