फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदन की रफ्तार है सुस्त, शहर में तेज

Thu, 09 Jul 2026 02:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसीपानीपत। स्नातक दाखिलों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, लेकिन जिले के ग्रामीण सरकारी कॉलेजों में अभी भी सीटों के मुकाबले अपेक्षित आवेदन नहीं पहुंचे हैं। वहीं, शहर के प्रमुख कॉलेजों में लोकप्रिय पाठ्यक्रमों के लिए सीटों से कई गुना आवेदन आने से कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। जिले के 15 सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी कॉलेजों में इस सत्र 11,340 सीटों पर दाखिले होने हैं।
विज्ञापन

ग्रामीण कॉलेजों में बीए, बीकॉम और बीसीए जैसे पाठ्यक्रमों में आवेदन अपेक्षाकृत कम हैं। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, अधिकांश विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और बड़े शहरों के कॉलेजों को प्राथमिकता दे रहे हैं। कई छात्र प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश नहीं मिलने पर ही ग्रामीण कॉलेजों का विकल्प चुनते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के महाविद्यालयों में जितने भी आवेदन आए हैं उनमें संबंधित कॉलेज की पहली पसंद के रूप में करीब 20 फीसदी ही आवेदन हुए हैं।
चौधरी देवीलाल कन्या महाविद्यालय, सिवाह में 240 सीटों पर 96 आवेदन आए हैं, जबकि राजकीय महिला महाविद्यालय, मतलौडा में 560 सीटों के मुकाबले 290 आवेदन प्राप्त हुए हैं। दूसरी ओर राजकीय महाविद्यालय, इसराना में 520 सीटों पर 677 आवेदन पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहले प्रतिष्ठित कॉलेजों या कोचिंग संस्थानों में अवसर तलाशते हैं।
विज्ञापन

आवेदन की अंतिम तिथि तीन बार बढ़ाई जा चुकी है। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से समय रहते दस्तावेजों का सत्यापन और मेरिट सूची में नाम आने पर निर्धारित अवधि में फीस जमा कराने की अपील की है। समय पर फीस जमा नहीं करने पर संबंधित सीट निरस्त हो जाएगी।
राजकीय महिला महाविद्यालय, मतलौडा के प्राचार्य डॉ. जरनैल सहरावत ने बताया कि ग्रामीण कॉलेजों में कम आवेदन का प्रमुख कारण विद्यार्थियों का बड़े शहरों के कॉलेजों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की ओर बढ़ता रुझान है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतिम दिनों और ओपन काउंसिलिंग के दौरान आवेदन संख्या में बढ़ोतरी होगी।

इसराना कॉलेज में 520 सीटों पर 677 आवेदन बीए में सबसे अधिक
पानीपत/इसराना। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय इसराना में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों में उत्साह है। महाविद्यालय की 520 सीटों के मुकाबले अब तक 677 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं।
प्रवेश नोडल अधिकारी डॉ. कुलबीर कादियान ने बताया कि बीए की 380 सीटों के लिए 504, बीकॉम की 60 सीटों के लिए 80, बीएससी (फिजिकल साइंस) की 40 सीटों के लिए 54 और बीएससी (लाइफ साइंस) की 40 सीटों के लिए 39 आवेदन मिले हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों से मेरिट सूची और विभागीय सूचनाओं पर नियमित नजर रखने तथा प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूरी करने की अपील की। प्राचार्य डॉ. हरि ओम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के कारण विद्यार्थियों का महाविद्यालय पर विश्वास बढ़ा है। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें