पानीपत। नहर बाईपास पर गोहाना मोड पर बिंझौल रेलवे फाटक के पास रोडवेज बस की टक्कर से रेस्तरां संचालक के मोटरसाइकिल सवार इकलौते बेटे की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
पुलिस ने बस को भी अपने कब्जे में ले लिया। उधर, इकलौते पुत्र की हादसे में मौत होने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। करनाल के बाहरी गांव निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विकास नगर पानीपत में रेस्टोरेंट है।
शुक्रवार को उसका बेटा राहुल (20) भी उसके साथ पानीपत आया हुआ था। दोपहर को करीब 11 बजे वह मोटरसाइकिल से किसी काम से रिफाइनरी रोड देसवाल चौक की ओर जा रहे थे।
राहुल मोटरसाइकिल चला रहा था। जैसे ही वे एनएफएल चौक से गुहाना रोड पहुंचे तो वह बाइक से उतर गया। इसके बाद राहुल देशवाल चौक की ओर जाने लगा। उसी समय दूसरी तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज बस ने राहुल की मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद राहुल को तुरंत ही शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।