मतलौडा। राजकीय महाविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर मंगलवार को विज्ञान विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम किया गया। इस वर्ष की थीम विज्ञान से वैश्विक कार्रवाई तक रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार द्वारा किया गया। इस दौरान ओजोन परत के महत्व व इसे बचाने की आवश्यकता पर विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य वक्त्ता डॉ. मधुबाला ने बताया कि ओजोन परत हमें सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाती है और इसके क्षरण से मानव स्वास्थ्य, कृषि और पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो सकते हैं। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। साथ ही छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रिया अग्रवाल ने ओजोन परत के महत्व व इसे बचाने की आवश्यकता पर जानकारी दी। अंत में प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार ने सभी को पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत की रक्षा के लिए जागरूक रहने व व्यावहारिक कदम उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विज्ञान विभाग के सभी अध्यापक मौजूद रहे। जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।