पानीपत। दिल्ली-अंबाला रेल लाइन के घरौंडा फाटक पर घरौंडा की युवती काजल (20) और उनकी मां कमलेश (43) की ट्रेन के नीचे आने से मौत हो गई। युवती बुधवार रात को करीब 11 बजे ट्रेन के सामने कूद गई थी।
उसकी मां उसे बचाने के चक्कर में ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पानीपत जीआरपी थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची।
परिजनों के अनुसार दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। झगड़े का कारण भी स्पष्ट नहीं हुआ है। जीआरपी ने वीरवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
राजीव कॉलोनी घरौंडा निवासी नरेश ने बताया कि उनके बड़े भाई के चार बच्चे हैं। इनमें तीसरे नंबर पर काजल थी। काजल और उनकी मां के बीच बुधवार रात को किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद काजल घर से निकल गई और घरौंडा रेलवे फाटक के पास पहुंच गई। उनकी मां कमलेश भी उसके पीछे फाटक पर पहुंच गई।
इसी बीच रेलवे लाइन पर जम्मू मेल एक्सप्रेस आ गई तो काजल ट्रेन के सामने कूद गई। कमलेश ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर थाना जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल पानीपत के शवगृह में रखवा दिए और उनके परिजनों को सूचना दी।
जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि काजल 12 वीं पास थी और वह कंप्यूटर कोर्स कर रही थी। दोनों के बीच झगड़े का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। ब्यूरो