समालखा। नई अनाज मंडी में सोमवार को गेहूं सीजन की पहली खरीद को शुरू कर दिया है। जिससे किसानों को राहत मिली है। मंडी में सोमवार तक कुल गेंहू की 24 हजार 300 क्विंटल की आवक हो चुकी है। जिसमे से खरीद एजेंसी हैफेड ने 5967 क्विंटल, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 5855 क्विंटल गेंहू खरीदा। जबकि 85 क्विंटल गेहूं प्राइवेट आढ़तियों द्वारा खरीदा गया। बाकी किसानोंं को गेहूं में नमी का बहाना बताया गया। जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें दिन रात मंडी में रूककर गेहूं की निगरानी करनी पड़ रही है। किसानोंं को मंडी में किसी प्रकार की सुविधा नहीं दी जा रही है। जिससे उन्हें समस्या हो रही है।
मार्केट कमेटी सचिव सविता जैन ने कहा कि कई दिनों के बाद मंडी में गेहूं की खरीद को शुरू कर दिया है। साथ ही कुछ प्रतिशत गेहूं में नमी होने के कारण उनकी खरीद नहीं हो पाई है। जिससे किसानों को मंडी में ही रहना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों को सभी मुलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही है। जिससे उन्हें समस्या का सामना न करना पड़े। मंडी में बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करा दिया गया है। किसानों को गेहूं सुखाकर लाने की अपील की है।