पानीपत। जगन्नाथ विहार कॉलोनी में नौकरानी घर से 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गई। नौकरानी ने सुबह ड्यूटी ज्वाइन की और रात को वारदात को अंजाम देकर फरार हो गई। मकान मालिक ने दिल्ली की कंपनी से नौकरानी ली थी। मकान मालिक ने सिटी थाना पुलिस में आरोपी नौकरानी व कंपनी के मालिकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
संजीव कुमार पुत्र जगन्ननाथ निवासी रामनगर ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उसको नौकरानी की जरूरत थी। उसने ऑनलाइन इसकी डिमांड भी की थी। सोमवार को दिल्ली के मोहन गार्डन क्षेत्र की नौकरानी प्रोवाइड कराने वाली मुस्कान मेड ब्यूरो कंपनी ने उसकी मांग पर उसके घर रोजीलिया पुत्र प्रवीण मिनी को उसके घर काम करने के लिए भेजा था। उसको छोड़ने के लिए विशाल गुप्ता और रंजीत आए थे।
ये दोनों खुद को कंपनी का मालिक बता रहे थे। इन्होंने नौकरानी प्रोवाइड कराने के लिए उनसे 47 हजार रुपये नकद लिए थे। ये लड़की को उनके घर छोड़कर चले गए। वे सोमवार को खाना खाकर सो गए थे। सुबह उठकर देखा तो रोजीलिया घर नहीं थी। वह कमरे में रखी अलमारी से 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गई। पुलिस ने इस शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।