पानीपत। अब सिविल अस्पताल में कोरोना वैक्सीनेशन नहीं होगा बल्कि आर्य पीजी कॉलेज में किया जाएगा। असल में सिविल अस्पताल की जिस पुरानी बिल्डिंग में कोरोना वैक्सीनेशन किया जा रहा था, उसे तोड़ा जा रहा है। वहां पर अब एमसीएच विंग बनेगी। इसका काम शुरू हो चुका है। फिलहाल विभाग ने आर्य कॉलेज में अस्थायी तौर पर वैक्सीनेशन सेंटर स्थापित किया है।
सिविल अस्पताल में बुधवार को बिना रजिस्ट्रेशन के वैक्सीन लगवाने आए लगभग 100 लोगों बिना वैक्सीन लगवाए घर लौटना पड़ा। डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि वे रजिस्ट्रेशन के बिना वैक्सीन लगवाने न पहुंचे। बुधवार को जिले में 432 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी है। वैक्सीनेशन कम होने का कारण बुधवार को रूटीन टीकाकरण रहा। बुधवार को विभाग गर्भवतियों व बच्चों का टीकाकरण करता है। जिले में अब तक 2.70 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग चुकी है। 66 हजार लोगों का दोनों डोज का कोर्स पूरा हो चुका है।
अब भी 5.28 लाख लोग वैक्सीनेशन से वंचित
वैक्सीन और व्यवस्था की कमी से कोरोना का खतरा बरकरार है, क्योंकि 18 से 44 साल के 75 प्रतिशत व 60 प्लस के 48 प्रतिशत लोगों को अब तक वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगी। यानी कुल 5.28 लाख लोग अभी भी वैक्सीन से वंचित हैं। 6 माह से चल रहे वैक्सीनेशन को देखते हुए यह आंकड़ा गंभीर है। वैक्सीनेशन की यह रफ्तार इसलिए भी हैरान करने वाली है, क्योंकि सिर्फ 23 प्रतिशत जिले की आबादी को ही वैक्सीन लगी है। जबकि विशेषज्ञ कह रहे हैं कि जब तक 70 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन नहीं लग जाती, कोरोना का खतरा कम नहीं होगा।
18 प्लस की आयु वालों का कम हो रहा वैक्सीनेशन
जिले में अभी 18-44 आयु वर्ग के 4 लाख 1 हजार और 45 प्लस उम्र के 1.28 लाख लोगों को टीका लगना बाकी है। 18- 44 आयु वर्ग के 74 प्रतिशत लोग वैक्सीन से वंचित हैं। जब विशेषज्ञ अगस्त से फिर कोरोना की तीसरी लहर आने की संभावना जता रहे हैं, उसके लिए यह स्थिति कोई शुभ संकेत नहीं है।
अब आर्य पीजी कॉलेज में होगा वैक्सीनेशन: डॉ. पासी
वैक्सीनेशन को रफ्तार देने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुरानी बिल्डिंग टूट रही है। इसलिए आर्य कॉलेज में अब वैक्सीनेशन होगा। लोगों से अपील है कि वो बिना रजिस्ट्रेशन के वैक्सीन लगवाने ना आएं। पहले रजिस्ट्रेशन जरूर करवाएं।
- डॉ. मनीष पासी, नोडल अधिकारी वैक्सीनेशन कार्यक्रम