अस्पताल में स्वयं खरीदकर लाई सिरिंज दिखाते मरीज। संवाद
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में सिरिंज तीन दिन से नहीं हैं। आलम यह है कि दो दिन तक तो अधिकारियों को सिरिंज खत्म होने की जानकारी तक नहीं लगी। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए बाहर मेडिकल स्टोर से सिरिंज खरीदनी पड़ रही हैं। मरीजों को अस्पताल में आकर अंदर बाहर के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मेडिकल स्टोर पर चार रुपये की सिरिंज पांच रुपये में दी जा रही है, ऐसे में लोगों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ रही है। सर्दी में कुत्ता काटने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में हर रोज 30 से 40 नए मरीज आ रहे हैं, इनके साथ हर रोज 120 से 140 लोग इंजेक्शन लगवाने के लिए आ रहे हैं, इनको समय पर इंजेक्शन लगवाना जरूरी होता है। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को सिरिंज खत्म हो गई थी। विभाग अस्पताल में तीन दिन बाद भी सिरिंज की व्यवस्था नहीं कर पाया, ऐसे में इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
अस्पताल में 25 हजार इंजेक्शन : जिला नागरिक अस्पताल में 25 हजार इंजेक्शन हैं। इनमें से पांच हजार इंजेक्शन वीरवार को ही आए हैं। अस्पताल में इंजेक्शन होने के बाद भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता। संवाद