एक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन को सील करने डॉ. ललित कुंडू और अभय नंदन वत्स। स्रोत : विभाग
पानीपत। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के घटते लिंगानुपात को देखते हुए अस्पतालों की जांच तेज कर दी है। शहर के पांच नामी अस्पतालों की जांच में अल्ट्रासाउंड में भारी कमी मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गोहाना रोड, सनौली रोड और मॉडल टाउन के पांचों अस्पतालों की अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया है।
विभाग ने इसके साथ अस्पतालों की जांच तेज करने का फैसला लिया है। पिछले डेढ़ महीने में 60 से अधिक अस्पतालों का निरीक्षण किया है।
पीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. ललित कुंडू और डॉ. अभय नंदन वत्स के साथ सोमवार को शहर के गोहाना रोड, सनौली रोड और मॉडल टाउन स्थित पांच बड़े अस्पतालों की अल्ट्रासाउंड मशीन की जांच की। टीम को जांच के दौरान किसी भी अस्पताल में रिकॉर्ड पूरा नहीं मिला। कहीं पर मरीज के हस्ताक्षर नहीं मिले और कहीं पर फार्म ही अधूरा छोड़ दिया गया। टीम ने इसे गंभीर मानते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। टीम ने इसके बाद अस्पतालों की अल्ट्रासाउंड मशीन सील कर दी।