पानीपत। सीआईए-2 की टीम ने तहसील कैंप में सब्जी मंडी में युवक पर पिस्तौल से फायर करने के आरोपी प्रीतम को रविवार शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने आरोपी को तहसील कैंप क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसे सोमवार को अदालत के सामने पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-2 प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि मॉडल टाउन थाना क्षेत्र की न्यू शांतिनगर कॉलोनी निवासी अंशुल ने तहसील कैंप थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि 14 मई को प्रीतम व्हाट्सएप पर कॉल कर कहा था कि पंकज के पैसे वापस कर दें। पंकज ने उसे बातचीत करने के लिए तहसील कैंप सब्जी मंडी में बुलाया था। जहां पर पैसे के लेन-देन के लिए उनके बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद प्रीतम ने उस पर पिस्तौल से फायर कर दिया था। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की। सीआईए-2 की टीम ने रविवार शाम को प्रीतम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सोमवार को प्रीतम को अदालत के सामने पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी ने वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने और गिरफ्त से बाहर रहने वाले साथियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
10 दिन पहले ही आया था जमानत पर बाहर : पुलिस टीम ने बताया कि आरोपी प्रीतम का पहले भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। उसके खिलाफ लड़ाई झगड़े व जानलेवा हमला करने के 15 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। आरोपी लड़ाई झगड़े के एक मामले में करीब 10 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था।