पानीपत। सेक्टर-12 के हैंडलूम उद्यमी रमेश संदूजा के परिवार की खुशियां दो साल में ही बिखर गई। परिवार जवान बेटे सचिन की बीमारी के चलते मौत का दुख भूल नहीं पाया था कि अब उद्यमी रमेश संदूजा की मौत हो गई।
इस दौरान रिसालू रोड स्थित उनकी फैक्टरी में भी आग लग गई थी। जिससे उन्हें लाखों का नुकसान हो गया था। उनकी मौत से पत्नी अंजू, पुत्रवधू, बेटी और पोते का रो-रोकर बुरा हाल है।
हैंडलूम उद्यमी राकेश चुघ ने बताया कि उनके मामा रमेश संदूजा की रिसालू रोड पर हैंडलूम की फैक्टरी और एसडी कॉलेज रोड स्थित हैंडलूम मार्केट में शोरूम है। फैक्टरी में पिछले साल आग लग गई थी। उन्होंने इन सबको संभालकर अपनी फैक्टरी में फिर से काम शुरू कर दिया था। हैंडलूम मार्केट स्थित शोरूम को भी खुद संभालते थे।
घर में इकलौते बेटे सचिन की 2023 में बीमारी के चलते मौत हो गई थी। बेटी की शादी उन्होंने पहले ही कर दी थी। अब घर में मामी, मामा के लड़के की पत्नी और पोता थे। वे खुद ही परिवार को संभाले हुए थे। उनके पास शुक्रवार को एक मॉल का ऑर्डर आया हुआ था। वे उसी को पैक करा रहे थे। वे सामान की जांच करने पहली मंजिल पर गए थे। इस दौरान हादसा हो गया। सिर के बल गिरने से उनके कान व नाक से खून निकला हुआ है और पैर पर भी चोट के निशान हैं। चिकित्सकों ने सिर में ज्यादा खून बहना मौत का कारण बताया है।
लिफ्ट से गिरने की भी कह रहे बात
हैंडलूम मार्केट में शुक्रवार शाम को हादसे की सूचना मिलते ही हर कोई जय हैंडलूम पर पहुंच गया। एक जानकार ने बताया कि रमेश संदूजा दूसरी मंजिल से लिफ्ट में नीचे आ रहे थे। लिफ्ट पहली मंजिल के नजदीक पहुंची तो बिजली चली गई। उन्होंने कुछ देर बिजली आने का इंतजार भी किया। वे गेट खोलकर पहली मंजिल पर उतरने लगे तो सीधे नीचे गिर गए। मैदानी तल से नीचे लिफ्ट के लिए बनाई छह फीट गहरी जगह में मिले हैं। वहीं परिजनों ने इससे इनकार किया है। उनका कहना है कि रमेश संदूजा पहली मंजिल से नीचे गिरे हैं। ब्यूरो