पानीपत। औद्योगिक नगरी पानीपत में महिला संबंधित अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। खासतौर पर किशोरियों और मासूम बच्चियों को निशाना बनाया जा रहा है।
जुलाई माह में किशोरियों और मासूम बच्चियों से प्रत्येक दिन कोई न कोई मामला सामने आया है। पुलिस और महिला एवं बाल कल्याण समिति के रिकॉर्ड में जुलाई माह में पॉक्सो एक्ट के 20 मामले दर्ज किए गए हैं। जिसमें छह साल की दो मासूम बच्चियों से दुष्कर्म के मामले में भी शामिल हैं।
पानीपत जिले में महिला संबंधित अपराध को रोकने के लिए पुलिस द्वारा लगातार बड़े बड़े दावे किए जा रहे हैं। इन सब दावों के बावजूद जिले में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध की संख्या में कोई कमी नहीं आई।
सबसे अधिक मामले कम उम्र की किशोरियों और मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामले भी शामिल हैं। जुलाई माह के आंकड़ों पर नजर डालें तो एक माह में महिला एवं बाल कल्याण समिति के पास पॉक्सो एक्ट के 20 मामले पहुंचे।
जिनमें ज्यादातर पीड़ित 14 साल के आस-पास की किशोरियों रही हैं। यानि प्रत्येक तीन दिन में दो नए मामले दर्ज हुए। पुलिस ने इन सभी मामलों में पीड़िताओं की काउंसिलिंग भी कराई है। कुछ प्रकरण में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।