बैठक के दौरान उपस्थित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य।
पानीपत। शिक्षा विभाग जिले में बोर्ड कक्षाओं की परीक्षा में इस बार 99 पार के नारे पर काम करेगा, इसके लिए स्कूल स्तर पर परिणाम बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। वहीं अभिभावकों और एसएमसी को साथ लिया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज ने इसके लिए शुक्रवार को जीटी रोड राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल स्थित बीआरसी हॉल में सरकारी व निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की बैठक ली, इसमें शिक्षा विभाग की नवीन नीतियों, दिशा-निर्देश और शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी साझा की और विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रभावी रणनीति के साथ तैयार करने पर चर्चा की। प्रधानाचार्यों को बोर्ड परीक्षाओं में जिले का परिणाम प्रदेश में प्रथम स्थान पर लाने का लक्ष्य दिया।
डीईओ राकेश बूरा ने कहा कि 99 पार का अर्थ केवल अधिक अंक प्राप्त करना नहीं बल्कि 100 प्रतिशत गुणवत्ता युक्त, अनुशासित और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 10वीं और 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में पानीपत को पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान दिलाना लक्ष्य है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के लिए शिक्षक, अभिभावक और विद्यालय प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।