पानीपत। दुष्कर्म से पीड़ित छह साल की बच्ची की हालत में चौथे दिन कुछ सुधार आया है। सीडब्ल्यूसी की टीम ने बच्ची के साथ चिकित्सक से भी बात की। वीरवार को कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने प्रतिनिधि मंडल के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचकर बच्ची और उसके माता-पिता से मुलाकात की।
इसके बाद उन्होंने उपायुक्त डाॅ. वीरेंद्र कुमार दहिया से मिलकर इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपी को सख्त सजा दिलाए जाने की मांग की। उन्होंने भाजपा सरकार में बेटियों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां घर में, स्कूल में और सडक पर कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार पिछले सोमवार की रात को पानीपत के किला थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में घर में मां के साथ सो रही बच्ची का अपहरण कर पड़ोसी व्यक्ति ने दुष्कर्म किया था। इसके बाद बच्ची को गंभीर हालत में नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर बच्ची का उपचार चल रहा है। वीरवार को कांग्रेस महिला मोर्चा की महिला अध्यक्ष सुधा भारद्वाज के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल नागरिक अस्पताल में पहुंचकर बच्ची और उसके परिजनों ने मुलाकात की।
उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बच्ची को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ है। इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने जिला सचिवालय पहुंचकर डीसी से मुलाकात की। साथ ही राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर इस मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने बताया कि पानीपत से प्रधानमंत्री मोदी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाव अभियान शुरू किया था। भाजपा सरकार में बेटियां न घर में सुरक्षित हैं और न बाहर। इस मौके पर डॉ. नवजोत कश्यप, पानीपत प्रभारी आशा अहलावत, उप प्रधान नीलम, डॉ. पूनम दहिया, मुकेश, संतोष गिल, सरोज, डॉ. निखिल चौधरी, रेखा मलिक मौजूद रहे। ब्यूरो