पानीपत। मॉडल टाउन स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए छात्राओं को टैब वितरित किए गए। 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की ऑनलाइन शिक्षा की सुविधा के लिए यह कदम उठाया गया। इस मौके पर 532 छात्राओं को टैब दिए गए। टैबलेट पाकर खुशी जाहिर करते हुए बोलीं- थैंक यू सीएम सर।
पानीपत में 17054 टैब वितरित किए जाने हैं। टैब वितरण का राज्यस्तरीय कार्यक्रम रोहतक में हुआ था, जिसका स्कूल में सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री मनोहरलाल का संबोधन सभी छात्राओं ने सुना। जिलास्तरीय कार्यक्रम में पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा, शहरी विधायक प्रमोद विज, सांसद संजय भाटिया की धर्मपत्नी अंजू भाटिया, मेयर अवनीत कौर, पार्षद लोकेश नांगरू, जेजेपी जिला अध्यक्ष सुरेश काला सहित शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सुरेंद्र बांगड़, डीईईओ बृज मोहन गोयल और प्रधानाचार्य मधु डागर आदि उपस्थित रहे।
9.69 करोड़ की लगात से विद्यालय की नई इमारत बनेगी : प्रमोद विज
शहरी विधायक प्रमोद विज ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने मॉडल टाउन के इस राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की नई बिल्डिंग बनाने के लिए 9.69 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इससे इस स्कूल का नया भवन बनेगा। इसी तरह लाल बत्ती पर स्थित स्कूल के लिए भी 1.64 करोड़ रुपये का टेंडर लगा दिया गया है।
पानीपत के 43 स्कूलों को किया जाएगा अपडेट : ढांडा
विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि टैब के जरिए विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षा से जुड़ सकेंगे। मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने पानीपत के 43 स्कूलों को शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही खौतपुरा में एम्स का डॉयग्नोस्टिक सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जिसके लिए भारत सरकार से डेढ़ करोड़ रुपये का फंड मिल चुका है।