पानीपत। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की पाइप लाइन में सेंधमारी कर तेल चोरी करने के मामले में पुलिस को कुछ अन्य तथ्य भी मिले हैं।
पाइपलाइन में सेंधमारी करने वाला गैंग हरियाणा के साथ यूपी में भी सक्रिय है। हाल ही में यूपी की सहारनपुर पुलिस ने भी तीन आरोपियों को काबू किया था। अब पुलिस दोनों घटनाओं का लिंक तलाशने में जुटी है। सीआईए-3 टीम ने शनिवार को समालखा थाना क्षेत्र के गांव नारायणा के जंगल में गन्ने के खेत से गुजर रही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की मथुरा-पानीपत पाइप में सेंधमारी का खुलासा किया था।
पुलिस ने पांच हजार के इनामी आरोपी सुनील को यूपी के सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। अब तक की जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ सहारनपुर में भी इसी तरह से तेल चोरी करने का केस दर्ज हैं। जिस कारण अब पुलिस यूपी में भी गैंग का नेटवर्क खंगालने में जुट गई है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए भी पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी है।