इसराना (पानीपत)। गांव जौंधन खुर्द में एक परिवार रिश्तेदारी में गया था। चोरों ने पीछे से मकान के ताले तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के जेवर और करीब तीन लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। शनिवार को रिश्तेदारी से लौटने के बाद परिवार को वारदात का पता चला। इसराना थाना पुलिस शिकायत पर जांच कर रही है।
गांव जौंधन निवासी प्रदीप ने पुलिस को बताया कि वह चंडीगढ़ सिविल सचिवालय में नौकरी करता है।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे जब अपने घर जौंधन खुर्द पहुंचा तो घर के सभी दरवाजे खुले थे। घर से जेवर और नकदी चोरी मिले। उसका परिवार उसके मामा के घर गया हुआ था। घर पर कई दिनों से कोई नहीं था। घर से 20 लाख रुपये के जेवर और करीब तीन लाख रुपये की नकदी चोरी मिली। चोरी होने की सूचना 112 नंबर पर देने पर मौके पर पुलिस पहुंची। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
रेलवे अंडर ब्रिज साइट से 135 सैटरिंग प्लेट व सामान चोरी
समालखा। चोरों ने नेस्ले के पास (रेलवे अंडर ब्रिज ) आरयूबी की साईट से लाखों रुपये की 135 सैटरिंग प्लेट व अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना वहां पास ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में गांव धनसौली निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उनका नेस्ले के पास बन रहे आरयूबी में काम चल रहा है। देर रात को वहां साइट से चोर 135 सैटरिंग प्लेट, 2 वाइब्रेटर मोटर व 20 चैनल चोरी कर ले गए। इससे उसे करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी में कैद हुई है। जिसमें चोर देर रात को टैक्ट्रर-ट्रॉली में प्लेट लोड कर रहे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।