पानीपत। उच्चतर शिक्षा विभाग के कॉलेजों में दाखिलों को लेकर दावे पहले दिन ही हवा हवाई हो गए। पूरे दिन पोर्टल नहीं खुल पाया। ऐसे में कॉलेज पहले दिन अपने कोर्स और सीटों का विवरण अपलोड नहीं कर पाए। कॉलेजों के पास अब दो दिन का समय है। इन दो दिनों में उनको पोर्टल पर कोर्स और सीट अपलोड करनी होंगी। वहीं जानकारों का मानना है कि पोर्टल में नई शिक्षा नीति का पेंच फंस गया है। बताया जा रहा है कि पोर्टल पुरानी पद्धति पर आधारित है, जबकि विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति लागू कर चुके हैं। यानी विश्वविद्यालय निदेशालय से एक कदम आगे है। यह पोर्टल ओपन न होने का बड़ा कारण बताया जा रहा है।
उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को नए सत्र में स्नातक प्रथम वर्ष की दाखिला का शेड्यूल जारी किया था। इसके अनुसार कॉलेजों को 29 से 31 मई तक पोर्टल पर अपलोड करनी हैं। इसके अगले दिन शनिवार शाम को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने नए सत्र के दाखिले नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति अनुसार किए जाने का फैसला लिया। जबकि पोर्टल पुराने सिस्टम पर आधारित है। सोमवार को पोर्टल पर कोर्स और सीटों को अपलोड करने का पहला दिन रहा। कॉलेज पूरा दिन निदेशालय के पोर्टल को जांचते रहे, लेकिन पूरा दिन पोर्टल ओपन नहीं हुआ।
एसडी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. अनुपम अरोड़ा ने बताया कि कॉलेज में कोर्स और सीटों का पूरा ब्यौरा है। पोर्टल ओपन नहीं हो पाने के चलते इसको अपलोड नहीं किया जा सका है। आर्य पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि कॉलेज में हेल्प डेस्क पहले से ही बना दिया गया है। युवाओं को दाखिलों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। आईबी पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने बताया कि कॉलेज नए सत्र के दाखिलों को लेकर तैयार है। काउंसिलिंग कमेटी गठित की गई है।