संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। स्वास्थ्य विभाग ने कफ सिरप की आपूर्ति को रोक दिया है। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी या कहीं पर भी चिकित्सक इसे मरीजों को नहीं देंगे। वहीं बाहर भी इसकी जांच कराई जाएगी।
इसके लिए प्रदेश स्तर पर टीम का गठन किया है। यह टीम बुधवार को दवाओं के नमूने लेगी। रिपोर्ट आने तक कफ सिरप की बिक्री को बंद रखा जाएगा। उपायुक्त ने भी स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कफ सिरप पीने से 11 बच्चों की मौत हो गई थी। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लिया और यहां पर भी इसके लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं।
डीसी डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सप्लाई या मरीजों को न देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ओपीडी में स्टोर से इसे हटा दिया है। सीएमओ ने इसे पहले से ही हटा देने का दावा किया है।