पानीपत। नगर निगम ने वीरवार को बिश्नस्वरूप कॉलोनी की मुख्य गली में वीरवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान निगम की टीम ने करीब 300 दुकानों के बाहर रखे फ्लैक्स और बोर्ड जब्त कर लिए। वहीं दुकानदारों ने थड़े तोड़ने के लिए एक सप्ताह की मोहलत मांगी है। इधर गोहाना रोड पर तीन दिन की मोहलत मांगकर एक सप्ताह बाद भी दुकानदारों ने थड़े नहीं हटाए और इसके आगे पार्किंग बना ली है। वहीं इंसार बाजार में थड़े और छज्जे हटने के विषय पर संयुक्त व्यापार मंडल और संयुक्त व्यापार मंडल समिति के पदाधिकारियों के बीच प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर वाकयुद्ध चला हुआ है।
नगर निगम के एक्सईएन गोपाल कलावत ने बिश्नस्वरूप कॉलोनी में वीरवार दोपहर बाद करीब दो बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान के अंतर्गत कार्रवाई शुरू की। वे एक जेसीबी, दो ट्रैक्टर ट्राली और करीब 20 कर्मचारी लेकर कॉलोपी में पहुंचे। इस दौरान पुलिसबल भी तैनात रहा। निगम की टीम में एसआई गुरमीत सिंह नेहरा, एएसआई परमजीत व एएसआई विकास शामिल रहे। इस दौरान टीम ने करीब 300 दुकानों के बाहर रखे फ्लैक्स और बोर्ड हटवाए। निगम की यह कार्रवाई सायं साढ़े पांच बजे तक असंध रोड रेलवे ओवरब्रिज तक चली। निगम की टीम ने वीडियोग्राफी कराई। कुछ दुकानदार टीम के सामने से ही बोर्ड और फ्लैक्स अंदर रखने लगे तो टीम ने इनको जब्त कर लिया।
गोहाना रोड फिर से अतिक्रमण किया
नगर निगम की टीम ने गत सप्ताह गोहाना रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। टीम ने करीब 20 दुकानों के थड़े और छज्जे तोड़े थे। कई दुकानदारों ने थड़े खुद हटाने के लिए निगम से तीन दिन की मोहलत ली थी। निगम ने इनको मोहलत दे दी थी। कई दुकानदारों ने थड़े और छज्जों को नहीं हटाया। इनको देखकर दूसरे दुकानदारों ने भी थड़े फिर से बनवा लिए। श्रीहरि मिष्ठान भंडार संचालक ने थड़े के आगे पार्किंग के लिए भी मार्किंग कर दी है। यहां एक सिक्योरिटी गार्ड वाहनों को ठीक से खड़ा करने के लिए भी लगा दिया है। इनको देख दूसरे दुकानदार भी आगे आने लगे हैं। ब्यूरो
वर्जन :
निगम अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। शहर के बाजारों में वीडियोग्राफी कराई जा रही है। गोहाना रोड पर अतिक्रमण किया गया है तो फिर से कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी छूट नहीं होगी।
गोपाल कलावत, एक्सईएन, नगर निगम।